CG Box News Blog Breaking news BREAKING NEWS : आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, 36 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
Breaking news Chhattisgarh

BREAKING NEWS : आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, 36 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

BREAKING NEWS

कवर्धा। आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म के जघन्य मामले में कवर्धा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और कवर्धा के अटल आवास क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस मामले में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवाई आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देंगे।

घटना 24 सितंबर की रात की है। पीड़िता अपने परिचित के घर ठहरी हुई थी और किसी विवाद के चलते रात करीब दो बजे बस स्टैंड की ओर निकल गई। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उसे बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके (अटल आवास के पीछे) ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकी देते हुए बस स्टैंड के पास छोड़ दिया।

साहस दिखाते हुए पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। घटना से गुस्साए आदिवासी समाज ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जनाक्रोश और विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की और उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वालों को 10,000 रुपए इनाम की घोषणा की। आखिरकार 36 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि तीनों फरार होने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version