जांजगीर-चांपा | जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात (07 से 08 अक्टूबर 2025) के बीच शहर के बीचोंबीच स्थित बॉम्बे मार्केट में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते बाजार की तीन बड़ी दुकानें और दो ठेले जलकर खाक हो गए।

आग लगने की घटना रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बॉम्बे शू हाउस से आग की शुरुआत हुई, जो तेजी से फैलकर आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले ली।
आग से प्रभावित प्रतिष्ठान इस प्रकार हैं –
- चित्रा इलेक्ट्रॉनिक्स (प्रो. खगेंद्र केसरवानी)
- कलकत्ता होजरी व बॉम्बे साड़ी सेल (प्रो. भागवत प्रसाद थावाइत)
- बॉम्बे शू हाउस (प्रो. राजदीप थावाइत)
- लालू पान ठेला एवं साइकिल ठेला (संतोष यादव)
घटनास्थल पर थाना शिवरीनारायण पुलिस, छत्तीसगढ़ अग्निशमन सेवा, होमगार्ड जांजगीर, न्यूको सीमेंट पावर प्लांट, केएसके पावर प्लांट, प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड और मड़वा पावर प्लांट की अग्निशमन टीमें पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।
फिलहाल आग नियंत्रण में है, लेकिन तीनों दुकानों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।