सक्ती (छत्तीसगढ़)। डभरा थाना क्षेत्र के बगरैल गांव में पूर्व पंच सर्वेदास महंत की निर्मम हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस ने 3 महिलाओं सहित 4 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले 9 लोग पकड़े गए थे। अब तक कुल 13 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
10 अगस्त की रात पानी के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने 45 वर्षीय सर्वेदास महंत को पहले घर से बाहर निकाला, फिर नग्न कर पूरे गांव में घसीटते हुए लाठी-डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान मृतक का बेटा विमल दास महंत भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया।
पृष्ठभूमि
पुलिस के मुताबिक, सर्वेदास महंत ने 2023 में पंच रहते हुए गांव में सरकारी बोरवेल का निर्माण कराया था। उसी बोरवेल से पानी के बंटवारे को लेकर उसका अपने दूर के रिश्तेदारों से विवाद चल रहा था। घटना के दिन जब सर्वेदास पंप का स्टार्टर बदल रहा था, तभी आरोपी हथियार लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।
ग्रामीण बने मूकदर्शक
गांव में घटना के दौरान कोई बीच-बचाव करने नहीं निकला। ग्रामीण घरों में दुबके रहे और आरोपियों की बर्बरता देखते रहे। इस वारदात ने पूरे गांव में दहशत का माहौल बना दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लाठी, डंडा और रॉड जब्त कर लिए हैं। अतिरिक्त बल गांव में तैनात किया गया है ताकि किसी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

