CG Box News Blog Chhattisgarh CRIME NEWS : ट्रेन से ले जाई जा रही थी रहस्यमयी खेप… पुलिस ने किया पर्दाफाश
Chhattisgarh crime

CRIME NEWS : ट्रेन से ले जाई जा रही थी रहस्यमयी खेप… पुलिस ने किया पर्दाफाश

CRIME NEWS

CRIME NEWS

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रायपुर और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 16 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई 29 सितंबर की रात करीब 10:15 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित सैलून साइडिंग के पास की गई। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार के मार्गदर्शन में RPF पोस्ट रायपुर और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथुन दिग्गल (26 वर्ष), निवासी ग्राम परमपंगा, जिला कंधमाल (ओडिशा) के रूप में हुई है। आरोपी दो बैग में गांजे के 8 बंडल लेकर जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा बस से ओडिशा से रायपुर लाया था और यहां से ट्रेन के जरिए प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ले जाने की योजना थी।

आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त गांजा को सुरक्षित रखा गया है और आरोपी को 30 सितंबर को विशेष NDPS न्यायालय, रायपुर में पेश किया जाएगा।

Exit mobile version