रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने ड्रग्स माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एमडीएमए (MDMA) की तस्करी करते तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 27.58 ग्राम एमडीएमए, सोनेट कार, नकदी, तौल मशीन और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिसकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी रायपुर के नामी क्लब और होटलों, जिनमें वीआईपी रोड और नया रायपुर (छेड़ीखेड़ी) के बड़े क्लब शामिल हैं, वहां ड्रग्स सप्लाई करने की तैयारी में थे।
सोनट कार से हो रही थी ड्रग्स की सप्लाई
23 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि गंज थाना क्षेत्र के देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के पास कुछ लोग कार में ड्रग्स लेकर बैठे हैं। संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सोनेट कार (CG04QJ5466) से तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास एमडीएमए ड्रग्स मिला।
आरोपी –
हर्ष आहूजा (23 वर्ष), निवासी कटोरा तालाब, रायपुर
मोनू विश्नोई (29 वर्ष), निवासी हिसार, हरियाणा
दीप धनोरिया (41 वर्ष), निवासी अंवति विहार, खम्हारडीह, रायपुर
दिल्ली से लाई गई थी ड्रग्स
पुलिस पूछताछ में हरियाणा निवासी मोनू विश्नोई ने बताया कि वह दिल्ली से एमडीएमए लेकर आया और रायपुर में स्थानीय नेटवर्क को सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था। इसके तार रायपुर की एक महिला से भी जुड़े हैं। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है।
आरोपियों के खिलाफ गंज थाना में NDPS एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

