रायगढ़। जिले में सड़क हादसे का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र में अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक अपने मामा के घर जाते वक्त रास्ते में गुटखा लेने के लिए रुके थे।
पीड़ित धनंजय यादव (26 वर्ष) ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह अपने साथी अमित कुमार मांझी के साथ मोटरसाइकिल (CG 13-Y-7121) से राजपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में सलखिया गांव के पास अचानक एक तेज रफ्तार सफेद पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में धनंजय यादव को पैर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके साथी अमित कुमार मांझी के सिर और कंधे पर गहरी चोट लगी। उसे लैलूंगा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने धनंजय यादव की शिकायत पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ धारा 106(1)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

