जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार सुबह बेदरभद्रा बस्ती में एक युवक ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर मां की जान लेने के बाद शव को कई टुकड़ों में काट डाला। हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद वह पास ही बैठकर गाना गाने लगा।
आसपास मौजूद लोग इस खौफनाक नजारे को देखकर दहशत में आ गए। मौके पर जुटी भीड़ आरोपी के डर से पास नहीं जा पा रही थी, क्योंकि वह कुल्हाड़ी लहराते हुए किसी को भी पास आने से रोक रहा था। सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान जीत राम यादव के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम गुल बाई था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जीत राम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवारवालों ने बताया कि वह कुछ समय पहले केरल में मजदूरी करता था, तभी से उसकी मानसिक हालत बिगड़ गई थी।
एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है और उसकी मानसिक स्थिति, नशे की लत और पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

