बलौदाबाजार-भाटापारा। पलारी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने इंस्टाग्राम प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। फल विक्रेता पति ने पत्नी को अवैध संबंध बनाने से रोका तो पत्नी ने उसी का खून कर दिया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

खून से लथपथ मिली लाश, खुली रिश्तों की काली कहानी
24 अक्टूबर की रात पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम वटगन में अमृत गिरी की उसके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह शव खून से लथपथ हालत में मिला। मामला संदिग्ध होने पर एसपी भावना गुप्ता ने तुरंत एक विशेष जांच टीम बनाई, जिसमें एएसपी अभिषेक सिंह, डीएसपी निधि नाग और साइबर सेल की टीम शामिल थी।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ रिश्ता, बनी हत्या की साजिश
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी चंद्रिका गिरी (38) ने इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी टुन्ना शर्मा (25) के साथ पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। चंद्रिका को पति का विरोध नागवार गुजरा और उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक प्लान बनाया।
फिल्मी अंदाज में की गई हत्या
पत्नी ने परिवार के साथ गांव से बाहर जाने का बहाना बनाया और प्रेमी को घर में छिपा दिया। जैसे ही अमृत गिरी रात को सोए, टुन्ना शर्मा ने लोहे की कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
चेन्नई से गिरफ्तार हुआ आरोपी प्रेमी
टेक्निकल टीम की मदद से पुलिस ने आरोपी टुन्ना शर्मा को चेन्नई से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जिले में बढ़ रहे हैं ऐसे अपराध
पुलिस का कहना है कि यह घटना जिले में बढ़ते वैवाहिक अपराधों की ओर इशारा करती है। इससे पहले भी सिमगा क्षेत्र में पत्नी ने प्रेमी से पति पर हमला करवाया था।