बलौदाबाजार। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़गहन में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जमनइया नाले में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला। पानी में लंबे समय तक पड़े रहने के कारण शव बुरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने सुबह नाले के किनारे शव को देखकर इसकी सूचना कोटवार के माध्यम से पुलिस को दी। खबर मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है और यह स्पष्ट नहीं है कि शव नाले में कैसे आया।
ग्रामीणों के बीच हत्या या हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं पुलिस ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर महिला की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

