कोरबा। बरपाली गांव में अंग्रेजी शराब दुकान और उससे जुड़े अहाता सेंटर को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना में चखना दुकान संचालक और पड़ोसी दुकानदार के बीच हाथापाई हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस मामले ने गांव में तनाव का माहौल और गहरा दिया है।
जानकारी के अनुसार, अहाता सेंटर संचालक राजेश शर्मा ने जिला आयुक्त से मुलाकात कर पड़ोसी कैला रात्रे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कैला रात्रे अपने घर और दुकान में अवैध शराब पिलाने के साथ-साथ हिंसा भड़काने में भी शामिल हैं। राजेश शर्मा का कहना है कि उन्होंने कई बार समझाया कि दुकान में केवल चखना बेचना नियम है, शराब पिलाना नहीं, लेकिन विवाद निजी रंजिश का रूप ले चुका है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लगातार बढ़ते विवाद और वायरल वीडियो के चलते गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

