जांजगीर-चांपा। जिले में बुधवार शाम एक खौफनाक घटना सामने आई। सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास तीन हमलावरों ने एक किशोर और उसके चाचा पर चाकू और चैन से जानलेवा हमला कर दिया। हमला उस वक्त हुआ जब युवक ने अपने भतीजे को शराब के साथ चखना और गिलास लेने भेजा था।
हमले में 16 वर्षीय मोनू और 25 वर्षीय तिलेश्वर भैना गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले अकलतरा सीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया।
पीड़ित तिलेश्वर ने बताया कि जब उसने अपने भतीजे को बदमाशों से मार खाते देखा, तो वह उसे बचाने पहुंचा। इसी दौरान आरोपियों ने पहले किशोर पर चाकू से वार किया और फिर तिलेश्वर पर भी हमला कर दिया। दोनों के पेट में चाकू लगने से वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि घटना शाम 7 से 7:30 बजे के बीच हुई। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

