डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के धार्मिक शहर डोंगरगढ़ से वन्यजीव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वन ग्राम खोलारघाट में छापा मारकर हिरण का शिकार कर उसका मांस बेचने की कोशिश कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जे. डिनायल, नीलू फ्रांसिस, विशाल नंदेश्वर और विश्वनाथ के नाम शामिल हैं। वन विभाग की टीम ने आरोपियों का पीछा कर हिरण का मांस, बाइक और अन्य सामान जब्त किया। हिरण का पोस्टमार्टम कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार यह नेटवर्क केवल चार आरोपियों तक सीमित नहीं है। शहर के कुछ रसूखदार और प्रभावशाली लोग भी इस अवैध कारोबार में शामिल हो सकते हैं। अगर जांच ईमानदारी से आगे बढ़ी तो आने वाले दिनों में कई बड़े नामों का पर्दाफाश हो सकता है।
इस मामले के बीच विभाग के अंदर भी विवाद सामने आया। आज सुबह एसडीओ फॉरेस्ट कार्यालय में दो वनकर्मी आपस में भिड़ गए। विभागीय सूत्रों के मुताबिक यह विवाद कार्रवाई की प्रक्रिया और खानापूर्ति को लेकर हुआ। इस घटना से जांच की पारदर्शिता और गंभीरता पर सवाल खड़े हो गए हैं।