डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 53 वर्षीय पड़ोसी ज्ञानी चौरे ने चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव किया। बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रविवार शाम यह घटना तब हुई जब बच्ची ट्यूशन से लौट रही थी। घर पहुंचने पर उसने मां को शारीरिक पीड़ा के बारे में बताया और आरोपी का नाम लिया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी के घर पर नशे का अड्डा चलता था और पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने को बड़ी चूक माना जा रहा है।
घटना के बाद डोंगरगढ़ की विधायक हर्षिता बघेल पीड़िता के घर पहुंचीं। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और पुलिस प्रशासन को आरोपी को सख्त सजा दिलाने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है।