रायपुर। बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लच्छनपुर में मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) को लेकर हुई बड़ी लापरवाही पर राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। कुत्ते द्वारा जूठा किए गए खाने को बच्चों को परोसने के मामले में प्रभारी प्रधानपाठक नेतराम गिरि और शिक्षक वेदप्रकाश पटेल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, तीन अन्य शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकी गई है।
28 जुलाई को रसोइया द्वारा तैयार मिड-डे मील को आवारा कुत्ते ने जूठा कर दिया था, इसके बावजूद प्रधानपाठक व रसोइया ने उसे छात्रों को परोस दिया। 84 बच्चों को गुपचुप तरीके से एंटी रेबीज का टीका भी लगाया गया। मामले को छुपाने के प्रयास को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
लोक शिक्षण संचालनालय ने इसे कर्तव्य में गंभीर लापरवाही और सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन मानते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं शिक्षक रविलाल साहू, नेमीचंद बघेल और नामप्यारी ध्रुव की एक वर्ष की वेतन वृद्धि रोकी गई है, क्योंकि उन्होंने जानबूझकर तथ्य छिपाने में सहयोग किया।
