धमतरी। जिले के जंगलों में इन दिनों भालू का आतंक बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की सुबह ग्राम पोड़ागांव में भालू ने एक चरवाहे पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग चरवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पोड़ागांव निवासी हरक राम मरकाम सुबह करीब 10 बजे अपने मवेशियों को चराने जंगल की ओर गए थे। तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर भालू ने उन पर हमला कर दिया। घायल बुजुर्ग को पहले नगरी के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जंगलों में भालू की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। वन विभाग की टीम को भी सूचना दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

