रायपुर। छत्तीसगढ़ में गायों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राज्य में गौवंश की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है।
दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ से 5 लाख गायें गायब हो गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ये गायें कहां गईं और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले 2 सालों से गायों की तस्करी बढ़ी है और इसमें भाजपा नेताओं की संलिप्तता हो सकती है।
बैज ने भाजपा और गौ रक्षक संगठनों पर तंज कसते हुए पूछा कि, “जब तस्करी हो रही है तो बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठन कहां हैं? भाजपा गौ माता के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू किए गए 10 हजार गौठानों को भाजपा ने बंद करा दिया था, जिसे अब फिर से शुरू करने की जरूरत है।
गायों की मौत पर कमेटी गठित

दीपक बैज ने जानकारी दी कि समोदा गांव में 3 दिनों के भीतर करीब 40 गायों की मौत हो गई है। इसके अलावा खरोरा और गुल्लू गांव में भी भूख से गायों की मौत की खबर है। आरोप है कि चारे की व्यवस्था नहीं की गई थी और मरने के बाद शव खुले स्थान पर छोड़ दिए गए।
बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के पौने दो साल के कार्यकाल में ढाई हजार से अधिक गायों की मौत भूख, दुर्घटना और जहरीली चीजें खाने से हो चुकी है।