CG Box News Blog Chhattisgarh CG WEATHER : छत्तीसगढ़ में आज फिर बरसेगा मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
Chhattisgarh weather

CG WEATHER : छत्तीसगढ़ में आज फिर बरसेगा मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

CG WEATHER

CG WEATHER

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम के बनने से राज्य के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली सहित कई जिलों में आज मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, कुछ हिस्सों में भारी वर्षा भी हो सकती है।

अब तक हुई बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, मरीं बंगला देवरी में 11 सेमी, राजनांदगांव और बड़ेबचेली में 8-8 सेमी, छोटेडोंगर और डौंडीलोहारा में 7-7 सेमी, दुर्गकोंदल और अंबागढ़ चौकी में 7-7 सेमी, अर्जुन्दा और तोंगपाल में 7-7 सेमी, कोंडागांव व डौंडी में 6-6 सेमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर 5 सेमी तक बारिश हुई।

रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सिनोप्टिक सिस्टम की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फिलहाल गुजरात, मध्यप्रदेश और यूपी से होकर गुजर रही है। वहीं, दक्षिण आंतरिक ओडिशा पर बना दबाव अब दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है, जिससे आगामी 24 घंटों में प्रदेश में वर्षा गतिविधि तेज हो सकती है।

1 अक्टूबर से बढ़ेगी बारिश
30 सितंबर को उत्तर अंडमान सागर में एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 1 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र विकसित होगा, जिससे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version