दुर्ग। बीड़ी मांगना किसी की जान भी ले सकता है — यह चौंकाने वाली वारदात दुर्ग के इंदिरा मार्केट में सामने आई है। यहां एक नाबालिग ने मामूली विवाद के बाद युवक की पत्थर पटककर हत्या कर दी। दुर्ग पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 8 अक्टूबर की रात की है। आरोपी नाबालिग अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहा था। रास्ते में सब्जी मंडी के पास उसकी मुलाकात मृतक नरेश ठाकुर से हुई। नरेश ने उससे बीड़ी मांगी, लेकिन नाबालिग ने देने से इंकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया और नरेश ने नाबालिग को गाली दे दी।
गुस्से से भरा नाबालिग वहीं पास में रुक गया और जैसे ही नरेश ठाकुर दुकान के बाहर सोया, उसने पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। सिर पर तगड़ा प्रहार लगने से नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है।
पहले भी हुई थी खौफनाक हत्या — बहू ने दादी सास की कर दी थी हत्या
इसी सप्ताह दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के गोढ़ी गांव में भी एक सनसनीखेज हत्या हुई थी। यहां बहू रोशनी वर्मा ने अपनी 70 वर्षीय दादी सास उर्मिला वर्मा की लोहे के हथौड़े से हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद बहू ने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठाया।
परिवार के सदस्य जब लौटे तो उर्मिला वर्मा को खून से लथपथ हालत में पाया। पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

