रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा नेता बसंत अग्रवाल के विवादित बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया बवाल खड़ा कर दिया है। प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा था कि “विधायक मेरे सामने कहीं नहीं लगते, मंत्री और मुझे साथ खड़ा कर दीजिए, देख लीजिए किसे ज्यादा नमस्कार होगा।” यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कांग्रेस ने इसे तुरंत मुद्दा बनाते हुए अपने आधिकारिक पेज पर वीडियो साझा किया और भाजपा पर तंज कसा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा में कुछ लोग खुद को विधायकों और मंत्रियों से ज्यादा शक्तिशाली मानते हैं।
वहीं, अब इस विवाद पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आत्मविश्वास अच्छी बात है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई खुद को भगवान मान ले। ऐसा कह देने से कोई भगवान नहीं हो जाता।”
बढ़ते सियासी घमासान के बीच बसंत अग्रवाल ने सफाई दी और कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
कौन हैं बसंत अग्रवाल?
बसंत अग्रवाल रायपुर में बड़े धार्मिक आयोजनों और भूमि कारोबार के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव में रायपुर पश्चिम सीट से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने पूर्व मंत्री राजेश मूणत को चुनावी मैदान में उतारा था।
https://www.instagram.com/reel/DOqEhv8gMJt/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MWE2N2ljZ3N2dzJtOA==

