रायपुर। राजधानी रायपुर में निवेशकों को 100 दिनों में पैसा डबल करने का लालच देकर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अनवर मोहम्मद और उनके साथियों ने भरोसे में आकर करीब 5 करोड़ रुपये एक कंपनी के संचालक अनिरुद्ध दलवी को ऑनलाइन और नगद रूप में दिए।

जानकारी के अनुसार, अनवर मोहम्मद को यूट्यूब के माध्यम से “ए स्क्वायर कंसलटेंसी” कंपनी के बारे में पता चला था। कंपनी ने दावा किया कि ट्रेडिंग के जरिए निवेश की गई रकम मात्र 100 दिनों में दुगनी कर दी जाएगी। कंपनी संचालक खुद रायपुर आकर निवेशकों से मिला और उन्हें झांसे में लिया।
निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी रकम वापस न मिलने पर पीड़ितों ने टिकरापारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी अनिरुद्ध दलवी की तलाश जारी है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी वास्तविकता, वैधता और संचालकों की पृष्ठभूमि की पूरी जांच करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।