जांजगीर-चांपा। उत्तरप्रदेश के जालौन जिले में स्थित एक ईंट भट्ठे में छत्तीसगढ़ से काम करने गए मजदूरों को बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 से 20 मजदूरों को ईंट भट्ठा मालिक जबरन काम करवा रहा है और उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेकेरी निवासी प्रमा सूर्यवंशी ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। महिला का आरोप है कि उसका पति राजेश सूर्यवंशी रोज़ी-रोटी के लिए यूपी के ईंट भट्ठे पर गया था, जहां मालिक अमित सिंह गोंड ने उसे और अन्य मजदूरों को बंदी बना लिया है।
पीड़िता के अनुसार मजदूरों से जबरन मारपीट कराई जा रही है और उन्हें न तो उचित भोजन मिल रहा है और न ही इलाज की सुविधा। राजेश ने फोन पर बताया कि लगभग 15–20 लोग वहां बंधक बनाए गए हैं और उनकी हालत बेहद खराब है।
महिला ने जिला कलेक्टर से गुहार लगाई है कि उसके पति और अन्य मजदूरों को तत्काल सुरक्षित छुड़ाया जाए। आवेदन की प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा और श्रम अधिकारी को भी भेजी गई है।
फिलहाल जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उत्तरप्रदेश प्रशासन से संपर्क कर मजदूरों की सुरक्षित वापसी की पहल की जा रही है।