रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक 9 सितंबर 2025 को दोपहर 3:30 बजे मंत्रालय (महानदी भवन), अटल नगर, नवा रायपुर में होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री के साथ सभी 14 मंत्री मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पिछली कैबिनेट बैठक 19 अगस्त को हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।

पिछली बैठक के अहम फैसले
आदिवासी व माडा पॉकेट क्षेत्र के परिवारों को चना वितरण
कैबिनेट ने निर्णय लिया कि अनुसूचित क्षेत्र एवं माडा पॉकेट के अंत्योदय व प्राथमिकता श्रेणी परिवारों को हर महीने मिलने वाला 2 किलो चना अब NeML ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म से खरीदा जाएगा।
जुलाई से नवंबर 2025 तक जिन हितग्राहियों को चना नहीं मिला है, उन्हें दिसंबर तक वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
नवा रायपुर में आईटी हब को बढ़ावा
राज्य सरकार ने नवा रायपुर में आईटी/आईटीईएस सेक्टर के विकास के लिए 90 एकड़ भूमि रियायती दर पर आवंटित करने का निर्णय लिया।
इस फैसले से आईटी सेक्टर में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और नवा रायपुर को तकनीकी विकास का बड़ा केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।