बिलासपुर। बेलतरा से बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला ने केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विस्तृत जांच की मांग की है।

विधायक शुक्ला का कहना है कि आरडीएसएस योजना के तहत बिलासपुर संभाग में लगभग 300 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। सिर्फ बिलासपुर जिले में ही 35 करोड़ रुपये से अधिक का भ्रष्टाचार उजागर हुआ है। उन्होंने सचिवस्तरीय जांच टीम गठित कर कार्रवाई की मांग की है।
यह योजना बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही है। इसके तहत एरियल बंच केबल (ABC) लगाने का कार्य पुणे की एसटी इलेक्ट्रिकल कंपनी को दिया गया था, जिसकी समय सीमा जनवरी 2025 तय की गई थी।
विधायक का आरोप है कि कंपनी ने समय पर काम पूरा नहीं किया, फिर भी अधिकारियों ने न तो पेनल्टी लगाई और न ही ठेका निरस्त किया। इसके बजाय, परियोजना को अवैध तरीके से तीन अन्य कंपनियों — जय हिंद एनर्जी, शारदा कंस्ट्रक्शन और सिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर — को सबलेट कर दिया गया।
सुशांत शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि जांच में गंभीर अनियमितताओं के बावजूद बिलासपुर जिले के प्रोजेक्ट कार्यपालन यंत्री को बचाया गया और सिर्फ सहायक यंत्री को निलंबित कर औपचारिक कार्रवाई की गई। अन्य जिलों में कार्यपालन यंत्रियों पर निलंबन हुआ है। उन्होंने जांच प्रक्रिया को पूरी तरह पक्षपातपूर्ण बताते हुए कहा कि सिर्फ दो दिनों में दोषी अधिकारियों को क्लीन चिट दे दी गई।