रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक में स्थित ऐतिहासिक राजिम मेला को नए स्वरूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। जल संसाधन विभाग ने इसके लिए 20 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये की द्वितीय पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। यह बजट महानदी परियोजना के तहत धार्मिक व सांस्कृतिक अधोसंरचना को बेहतर करने के लिए स्वीकृत किया गया है।

इस परियोजना के तहत 480 मीटर लंबा स्नान प्लेटफार्म, गंगा आरती स्थल, शाही स्नान कुंड और सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा, जो चौबेबांचा पुल तक विस्तृत रहेगा। शासन का उद्देश्य राजिम मेले को और अधिक सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना है। यह कार्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।