कांकेर | छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले में सक्रिय 21 नक्सलियों ने AK-47 समेत 18 हथियारों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।
जंगलवार कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी नक्सलियों का रेड कारपेट बिछाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को संविधान की प्रति भेंट कर मुख्यधारा में लौटने का संदेश दिया।

आईजी सुंदरराज ने बताया कि पुलिस अब मुठभेड़ के बजाय आत्मसमर्पण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जो नक्सली हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनका स्वागत होगा, लेकिन जो हिंसा का रास्ता चुनेंगे, उन पर कार्रवाई तय है।
हाल ही में जगदलपुर में 208 नक्सलियों ने 109 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया था, और अब कांकेर में यह दूसरी बड़ी कामयाबी मिली है। आईजी ने दक्षिण बस्तर के जंगलों में छिपे नक्सलियों से अपील की कि वे भी शांति का रास्ता अपनाएं और समाज में लौट आएं।