गरियाबंद। गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उईके ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्टोरेट का मुख्य गेट ठीक 10:30 बजे बंद करा दिया। यह कदम उन अफसरों और कर्मचारियों को सबक सिखाने के लिए उठाया गया जो रोजाना देर से दफ्तर पहुंचते हैं।

कलेक्टर उईके खुद समय के पाबंद माने जाते हैं और रोज सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच ऑफिस पहुंचते हैं। इसके बावजूद कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लेटलतीफी दिखा रहे थे। पहले भी कलेक्टर औचक निरीक्षण में देर से आने वालों को नोटिस दे चुके हैं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं दिखा।
सोमवार को जब फिर अधिकारी और कर्मचारी देर से पहुंचे, तो कलेक्टर ने खुद मौके पर खड़े होकर गेट बंद करवाया और चेतावनी दी कि यदि समय का पालन नहीं किया गया, तो कड़ी कार्रवाई होगी।