CG Box News Blog Breaking news CG News : ग्रामीणों की जमा पूंजी गायब, सड़क पर उतरा गुस्सा मैनेजर फरार
Breaking news Chhattisgarh

CG News : ग्रामीणों की जमा पूंजी गायब, सड़क पर उतरा गुस्सा मैनेजर फरार

CG News

डोंगरगढ़ | छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ ब्लॉक स्थित जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में करोड़ों रुपये के बड़े घोटाले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों की जीवन भर की जमा पूंजी में सीधा सेंध लगाई गई है। इस मामले में पोस्ट ऑफिस का ब्रांच मैनेजर कई दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता बताया जा रहा है।

सोमवार को गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने डोंगरगढ़ मुख्य डाकघर का घेराव कर सड़क पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके खातों से लाखों रुपये या तो पूरी तरह गायब हैं या फिर पासबुक और सरकारी रिकॉर्ड में भारी अंतर है।

CG News
CG News

पीड़ितों में अधिकांश गरीब किसान और मजदूर हैं। किसी ने बेटी की शादी के लिए पैसा जमा किया था, तो किसी ने जमीन बेचकर मिली रकम पोस्ट ऑफिस में रखी थी। जब खातों की ऑनलाइन जांच कराई गई, तो कई लोगों के खातों में बैलेंस शून्य या बेहद कम निकला।

इस पूरे घोटाले में ग्रामीण ब्रांच मैनेजर आशीष मंडावी का नाम सामने आ रहा है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती और पैसे की वापसी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस की विशेष ऑडिट जांच की मांग करते हुए कहा कि अब जटकन्हार पोस्ट ऑफिस भ्रष्टाचार का नया केंद्र बनता जा रहा है।

Exit mobile version