CG Box News Blog Chhattisgarh CG Crime News: डोंगरगढ़ में चोरों का आतंक, आधी रात को दो किराना दुकानों के ताले टूटे, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
Chhattisgarh crime

CG Crime News: डोंगरगढ़ में चोरों का आतंक, आधी रात को दो किराना दुकानों के ताले टूटे, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

CG Crime News

डोंगरगढ़। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में कानून-व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। बीती रात नगर के दो किराना दुकानों में चोरी की बड़ी वारदात हुई। चोरों ने शटर के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नगदी और महंगे सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन पुलिस की कार्रवाई नदारद है।

रेलवे चौक स्थित न्यू पटियाला किराना दुकान में चोरों ने बड़ी सफाई से शटर का ताला तोड़ा, अंदर घुसकर काजू, किशमिश, बादाम, शैंपू, बिस्किट जैसी महंगी सामग्री और गल्ले से 6 हजार रुपये नगद चुरा लिए। दुकान संचालक चिंटू पटियाला ने बताया कि उनका करीब 30 से 50 हजार का नुकसान हुआ है। चौंकाने वाली बात ये है कि जाते-जाते अपराधी दुकान के दोनों ताले भी साथ ले गए।

इसी तरह खंडूपारा की चोपड़ा किराना दुकान में भी चोरी हुई, जहां से चोर सिगरेट पैकेट, महंगे सामान और करीब 3 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। दुकानदारों का मानना है कि दोनों चोरी एक ही गिरोह ने की है।

स्थानीय लोग अब पुलिस की गश्त को लेकर तंज कस रहे हैं –
“डोंगरगढ़ में चोरों की ड्यूटी नाइट शिफ्ट में और पुलिस की ड्यूटी सिर्फ कागज पर है।”

नगरवासी पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि जब सीसीटीवी फुटेज में अपराधी साफ दिखाई दे रहे हैं तो अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई।

गौरतलब है कि डोंगरगढ़ में अवैध शराब और सट्टे का कारोबार भी बेखौफ चल रहा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तक ने थाना प्रभारी उपेंद्र शाह को हटाने की सिफारिश की थी, लेकिन उन्हें ही पद पर बनाए रखा गया। नतीजा यह है कि अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Exit mobile version