बैकुंठपुर (कोरिया) | छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दामाद ने रिश्तों की सारी हदें पार करते हुए अपने ही ससुर की हत्या कर दी। घटना इतनी भयावह थी कि इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के मुताबिक आरोपी दामाद ने पहले अपने ससुर को रस्सी से बांधा और फिर ससुराल में बम फेंक दिया।
धमाका इतना जोरदार था कि ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सास गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया है।
यह दर्दनाक घटना बैकुंठपुर के बचरापोड़ी चौकी अंतर्गत बड़े साल्ही गांव की बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी दामाद और ससुराल पक्ष के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया।

