CG Box News Blog Chhattisgarh Chhattisgarh: सीएम साय ने टोक्यो के असाकुसा मंदिर में की पूजा, छत्तीसगढ़ की समृद्धि की कामना
Chhattisgarh Politics

Chhattisgarh: सीएम साय ने टोक्यो के असाकुसा मंदिर में की पूजा, छत्तीसगढ़ की समृद्धि की कामना

Chhattisgarh

Chhattisgarh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान यात्रा के दौरान राजधानी टोक्यो स्थित ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि असाकुसा मंदिर टोक्यो का सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल है, जो शांति और सामर्थ्य का प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता के लिए सुख-समृद्धि और प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री साय इन दिनों उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाना है। टोक्यो में 22 से 24 अगस्त तक वे जापानी उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों और निवेशकों से मुलाकात कर इन्वेस्टर कनेक्ट सत्रों में भाग लेंगे।

इसके बाद 25–26 अगस्त को ओसाका में होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ करेंगे, जहां राज्य की औद्योगिक प्रगति, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। दौरे का अंतिम चरण 27–29 अगस्त को सियोल (दक्षिण कोरिया) में होगा, जहां निवेशक गोलमेज बैठकें और कोरिया की शीर्ष कंपनियों के साथ वार्ताएं होंगी।

अधिकारियों का कहना है कि यह दौरा छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करेगा और इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा तथा स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने का बड़ा अवसर बनेगा।

मुख्यमंत्री साय के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव रजत कुमार, सचिव राहुल भगत और सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

Exit mobile version