बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चकरभाठा क्षेत्र स्थित होटल शिवा इन की छत पर गुपचुप तरीके से हुक्का बार चलाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने अचानक दबिश दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही होटल स्टाफ में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लोग भागने लगे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को देखते ही होटल मैनेजर ने हुक्का से जुड़ी सामग्री को छिपाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि चिलम और फ्लेवरयुक्त तंबाकू को फ्रीज में छिपाया गया था, लेकिन पुलिस की तलाशी में सारा सामान बरामद हो गया। मौके से हुक्का पॉट, चिलम और बड़ी मात्रा में फ्लेवर तंबाकू जब्त किया गया।
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हुक्का बार और होटल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने होटल मैनेजर सिद्धार्थ गुप्ता (39) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का बार चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।