महासमुंद। बागबाहरा वन परिक्षेत्र के खल्लारी सर्किल में भालू की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। वन विभाग उसकी तलाश में जुटा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पहले जंगली सूअर का शिकार करने के लिए 11 केवी बिजली लाइन में अवैध जीआई तार लगाया था। इसी के चपेट में आने से भालू की मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने भालू के शव को दूर ले जाकर रख दिया था।
जांच के दौरान वन अमले ने जोरातराई, भीखोज और कमारडेरा गांवों से अगर सिंह, अर्जुन, तुलाराम, चैतराम और चैतराम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से सूअर का मांस, कुल्हाड़ी, जीआई तार और ट्रैक्टर जब्त किया गया है। सभी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9(33), 49, 50, 51 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई जारी है।
पशु चिकित्सक की टीम ने भालू का पोस्टमार्टम कर लिया है और अवराडबरी वन डिपो में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।

