बीजापुर | बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक के आवापल्ली स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब इलाज के दौरान दो महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और ड्यूटी पर मौजूद नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुर्दोण्डा निवासी परिवार सुबह 9 बजे अपने बीमार शिशु को हल्के बुखार और खांसी-जुकाम की शिकायत पर इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाया था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने बच्चे को सिरप या भाप देने के बजाय सीधे हाथ में कैनुला लगाकर लगातार इंजेक्शन दिए, जिसके कुछ ही देर बाद बच्चे की मौत हो गई।
परिजनों ने भावुक होकर कहा कि डॉक्टर और नर्स की लापरवाही ने उनके बच्चे की जान ले ली। उन्होंने प्रशासन से इस घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस मामले में बीएमओ डॉ. उमेश ठाकुर ने कहा कि बच्चे को निमोनिया था और उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने सामान्य उपचार किया, परिजन भावनात्मक हैं और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

