बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एसडीएम करुण कुमार डहरिया की टीम द्वारा की गई कथित मारपीट में 62 वर्षीय रामनरेश राम की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हंसपुर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब दो बजे एसडीएम और उनकी टीम बॉक्साइट के अवैध उत्खनन की सूचना पर इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान खेत से घर लौट रहे तीन ग्रामीणों को टीम ने रोका और बिना किसी औपचारिक जांच के उन पर लाठीचार्ज कर दिया गया।
ग्रामीणों का दावा है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि रामनरेश राम ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं अजीत उरांव और आकाश अगरिया का इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मामले पर वैभव भयंकर ने कहा है कि जांच जारी है और दोषी चाहे कोई भी हो, कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्दोष किसानों को खनन माफिया समझकर बर्बरता की गई, जिससे पूरे प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं।