CG Box News Blog Badi Khabar रायगढ़ में बड़ी कार्रवाई: फर्जी दस्तावेज बनवाकर रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
Badi Khabar Breaking news Chhattisgarh

रायगढ़ में बड़ी कार्रवाई: फर्जी दस्तावेज बनवाकर रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

रायगढ़ (छत्तीसगढ़)।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में बढ़े सुरक्षा अलर्ट के बीच छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले के कोडतराई इलाके में पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बनवाकर रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में महिला अर्निश शेख और पुरुष ईफ्तिखार शेख शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों पाकिस्तानी नागरिक रायगढ़ में फर्जी मतदाता पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार कराकर लंबे समय से अवैध रूप से रह रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग फर्जी पहचान के साथ कोडतराई क्षेत्र में रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान से भारत आए थे और फर्जी दस्तावेजों के सहारे यहां की नागरिकता हासिल करने की कोशिश कर रहे थे। दोनों के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम (Foreigners Act) और भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस गिरफ्तारी के बाद रायगढ़ समेत पूरे छत्तीसगढ़ में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इनके भारत में आने का उद्देश्य क्या था और इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे। जांच एजेंसियां इस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं और नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, और इस कार्रवाई को उसी सतर्कता का नतीजा माना जा रहा है।

Exit mobile version