रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार अवैध रूप से राज्य में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित हो रही इस बैठक में गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बैठक से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तान और बांग्लादेश के नागरिकों के मुद्दे पर गंभीर चर्चा होगी। विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसी भी अवैध घुसपैठ को बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे तत्वों को चिन्हित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत राज्य से बाहर किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि गृह विभाग ने अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान करने के लिए एक विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत जिलों में रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में अवैध घुसपैठ के संभावित खतरे, आंतरिक सुरक्षा पर इसके प्रभाव और भविष्य में ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए बनाई जाने वाली रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होगी। राज्य सरकार इस दिशा में सख्त कानूनों के अनुपालन और केंद्र सरकार के सहयोग से कार्रवाई सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है।
छत्तीसगढ़ में पहली बार इस स्तर पर अवैध विदेशियों के खिलाफ इतनी बड़ी पहल हो रही है, जिससे आम जनता में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ने की उम्मीद है।

