रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार को यूनिफाइड कमांड की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। नया रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में हो रही इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा मौजूद हैं। बैठक में नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे के लिए ठोस रणनीति बनाने के साथ बस्तर के विकास की दिशा में बड़े फैसले लिए जा रहे हैं।
बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP), बीएसएफ, सीआईएसएफ, भारतीय वायु सेना और छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इसमें नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा को मजबूत करने, इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन बढ़ाने और नक्सली पुनर्वास नीति पर मंथन हो रहा है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को गति देना और हिंसा की घटनाओं पर रोक लगाना है। इसके साथ ही पुलिस और अर्धसैनिक बलों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का कहना है कि नक्सलवाद के खात्मे और बस्तर के विकास को लेकर ठोस और दीर्घकालिक योजनाएं बनाई जाएंगी।

