CG Box News Blog Chhattisgarh CG crime news : राजिम में नहर किनारे युवती का शव मिलने से हड़कंप, रायपुर की चंचल साहू बताई जा रही पहचान
Chhattisgarh crime

CG crime news : राजिम में नहर किनारे युवती का शव मिलने से हड़कंप, रायपुर की चंचल साहू बताई जा रही पहचान

CG crime news

CG crime news

गरियाबंद | गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नहर के पास एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों को शक हुआ और पास जाकर देखने पर झाड़ियों के बीच लाश पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू ने बताया कि यह मामला श्यामनगर-देवरी मार्ग का है। ग्रामीणों से जानकारी मिली थी कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी। तलाश करने पर नहर किनारे युवती का शव मिला, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार वह 30 जनवरी से लापता थी और इस संबंध में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

शव की हालत को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस कॉल डिटेल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version