रायपुर। खैरागढ़ ज़िले के ग्राम कोड़ेनवागांव में बुधवार रात प्रेम विवाह को लेकर पुरानी दुश्मनी ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद देखते-देखते पत्थरबाजी और लाठी-डंडों तक पहुंच गया, जिससे पूरे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक हालात बिगड़ते रहे।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र साहू और नरेंद्र साहू ने प्रेम विवाह को लेकर दुलरू साहू और उसकी बेटी पर हमला कर दिया। इस हमले से दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रात करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया। लेकिन इसके बाद शराब के नशे में कुछ युवकों ने आरोपियों पर हमला करने की कोशिश की। हालात काबू से बाहर जाते देख पुलिस ने सख्ती दिखाई और भीड़ को खदेड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों पर लाठी-डंडों से हमला कर नुकसान पहुंचाया।
11 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति संभाली और राकेश नेताम सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया। गांव में शांति बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आधी रात एसपी का बयान
रात करीब 12 बजे एसपी लक्ष्य शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

