रायपुर। राजधानी रायपुर की चर्चित ड्रग्स क्वीन नव्या मलिक को पुलिस ने 4 सितंबर तक रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस की स्पेशल टीम उससे लगातार पूछताछ कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नव्या ने पूछताछ में राज्य के बड़े शराब कारोबारी अनवर ढेबर और उनके बेटे शोएब ढेबर से अपने संबंध कबूल किए हैं। उसने बताया कि शोएब उसका दोस्त है और कई बार उनके साथ पार्टी में शामिल हुई है।
नव्या ने शोएब के घर का इंटीरियर डिजाइन भी किया था, इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई। जांच में यह भी सामने आया है कि नव्या कई बार विदेश यात्राएं कर चुकी है। उसने दुबई, सिंगापुर, तुर्की, थाईलैंड और मालदीव जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस उसकी इन विदेश यात्राओं की डिटेल्स खंगाल रही है। खास बात यह है कि नव्या तुर्की में राज्य के शराब कारोबारी के साथ तीन दिन तक रुकी थी। पुलिस को उसका एक मोबाइल मिला है जबकि दूसरा मोबाइल अब तक नहीं मिला है।

पूछताछ के दौरान कारोबारी की तबीयत बिगड़ी
पुलिस ने मुंबई से पकड़े गए युवा कारोबारी पीके अग्रवाल से भी पूछताछ की। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और सीने में दर्द की शिकायत पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नार्को टेस्ट की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, नव्या पूछताछ में ज्यादा जानकारी नहीं दे रही है, ऐसे में पुलिस उसका नार्को टेस्ट कराने की तैयारी में है। शक है कि उसके कनेक्शन कई बड़े नेताओं और कारोबारियों से हैं।
पहले पकड़े गए तस्करों से भी कनेक्शन
ड्रग्स केस में पहले पकड़ी गई दुर्ग, भिलाई और रायपुर की युवतियों का भी नव्या से लिंक मिला है। इनमें से एक राजनीतिक दल की युवा नेत्री भी शामिल है। पुलिस जल्द ही उन्हें पूछताछ के लिए बुलाएगी।
करीबी दोस्त के मोबाइल से मिला अश्लील वीडियो
पुलिस ने नव्या के दोस्त मोतीनगर निवासी अयान परवेज (30) को गिरफ्तार किया है। अयान के मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनमें तीन वीडियो नव्या के होने की आशंका है। इन वीडियोज को लैब भेजा गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं अयान इन वीडियोज के जरिए नव्या को ब्लैकमेल तो नहीं कर रहा था, क्योंकि उसके खाते में बड़ी रकम का ट्रांजेक्शन मिला है। अयान का लिंक शोएब से भी जुड़ा हुआ है।