राजनांदगांव | डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 22 दिसंबर 2025 को थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2019 में उसकी पहचान नीरज देवांगन, निवासी मोतीपुर नवागांव से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, इसी बीच आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर भरोसा हासिल किया। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने अलग-अलग मौकों पर, विशेष रूप से डोंगरगढ़ स्थित एक लॉज में, जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

