CG Box News Blog Chhattisgarh Vote Scam: छत्तीसगढ़ में वोट चोरी का आरोप, कांग्रेस ने BJP विधायकों पर निशाना साधा
Chhattisgarh Politics

Vote Scam: छत्तीसगढ़ में वोट चोरी का आरोप, कांग्रेस ने BJP विधायकों पर निशाना साधा

Vote Scam

Vote Scam

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वोट चोरी को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक राजेश मूणत और संपत अग्रवाल का नाम दो-दो विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज है। रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दावा किया कि दोनों नेताओं ने अलग-अलग विधानसभा में अलग-अलग एपिक नंबर से वोटर आईडी बनवाए हैं। कांग्रेस ने इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत कर दोनों विधायकों का निर्वाचन शून्य घोषित करने की मांग की है।

रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा विधायक सम्पत अग्रवाल और उनके परिवार का नाम रायपुर दक्षिण और बसना विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट में दर्ज है। इसी तरह पूर्व मंत्री राजेश मूणत का नाम रायपुर उत्तर और पश्चिम दोनों जगहों पर शामिल है। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मूणत की पत्नी का भी अलग-अलग विधानसभा में नाम दर्ज है, जबकि शपथ पत्र में सिर्फ पश्चिम विधानसभा का उल्लेख किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में वोट चोरी कर चुनावी नतीजे प्रभावित किए गए। कांग्रेस के अनुसार, 2023 विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की सरकार बनाने की उम्मीद कर रही थी, लेकिन भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से परिणाम बदले गए।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि कई नेताओं और अन्य व्यक्तियों के नाम दो-दो जगहों पर दर्ज हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज होना चाहिए।

कांग्रेस का यह भी आरोप है कि प्रेसवार्ता के दौरान निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से सम्पत अग्रवाल का शपथ पत्र हटा दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आयोग को गुमराह करने की यह बड़ी साजिश है।

प्रेस कांफ्रेंस के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिला और इस मामले में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस ने मांग की कि निर्वाचन आयोग तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों विधायकों का निर्वाचन रद्द करे।

Exit mobile version