चांपा। थाना चांपा पुलिस और साइबर टीम की सक्रियता से धोखाधड़ी के फरार आरोपी गौतम कुमार राठौर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपी ने अपने साथी बालेश्वर साहू के साथ मिलकर प्रार्थी राजकुमार शर्मा, उनकी पत्नी और मां के खातों से केसीसी लोन के माध्यम से लाखों रुपए की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹16,000 बरामद किया है, जबकि अन्य आरोपी बालेश्वर साहू और अन्य साथी अब भी फरार हैं।
प्राथमिक जांच में पता चला कि आरोपी गौतम कुमार राठौर ने प्रार्थी को घाटोली चौक इंडियन गैस एजेंसी के पास की जमीन दिखाकर ग्राम हथनेवरा की किसी अन्य व्यक्ति की भूमि को प्रार्थी की पत्नी के नाम रजिस्ट्री कराई और 30 लाख रुपए की ठगी की। दोनों मामलों में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार किया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने प्रार्थी के हस्ताक्षरित चेक, वाउचर, खाते की डिटेल और फर्जी दस्तावेजों को जप्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक और टीम के अन्य सदस्य विशेष रूप से सक्रिय रहे।
लागू धाराएं: 420 (धोखाधड़ी), 467 (फर्जी दस्तावेज), 468 (फर्जीकरण के लिए), 471 (फर्जी दस्तावेज का उपयोग), 34 (सामूहिक दोष) भादवि।

