रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में मंगलवार को नगर निगम ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव के नेतृत्व में नगर निवेश विभाग की टीम ने लगभग पांच एकड़ जमीन को कब्जे से मुक्त कराया।
कार्रवाई दो जगहों पर हुई – एक जगह करीब चार एकड़ और दूसरी जगह लगभग एक एकड़ में अवैध प्लॉटिंग चल रही थी। जांच में मौके पर मुरुम से बनी सड़क और प्लॉट मार्किंग मिली, जिसे जेसीबी से तत्काल तोड़ दिया गया।
जोन-6 कमिश्नर ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। जैसे ही जिम्मेदारों की पहचान होगी, एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
क्यों बन रहा है भाठागांव अवैध प्लॉटिंग का हॉटस्पॉट?
भाठागांव इंटर स्टेट बस टर्मिनल और रिंग रोड के नजदीक होने की वजह से यह इलाका रिहायशी और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। यही कारण है कि यहां लगातार अवैध प्लॉटिंग के मामले सामने आ रहे हैं।
अब तक 329 प्रकरण पुलिस को भेजे
नगर निगम ने अब तक 329 मामलों को अलग-अलग थानों में एफआईआर के लिए भेजा है। इनमें से केवल 20 मामलों में ही एफआईआर दर्ज हो सकी है। बाकी मामलों में पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है और निगम से अतिरिक्त कागजात मांगे हैं।

