CG Box News Blog Badi Khabar बीजापुर के कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा ऑपरेशन, सातवें दिन भी जारी मुठभेड़
Badi Khabar Chhattisgarh

बीजापुर के कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा ऑपरेशन, सातवें दिन भी जारी मुठभेड़


छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ लगातार सातवें दिन भी जारी है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू किया है, जिसमें लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। जवानों ने अभियान की रफ्तार और तेज कर दी है और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जवान नक्सलियों द्वारा लगाए गए बियर बम को बरामद करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो इस बात का प्रमाण है कि सुरक्षाबल नक्सलियों के जाल को बेहद सतर्कता और बहादुरी से नाकाम कर रहे हैं। बरामद बियर बम इलाके में बड़ी क्षति पहुँचा सकता था, लेकिन जवानों की सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के मुताबिक, ऑपरेशन में शामिल जवानों ने कई नक्सली ठिकानों को ध्वस्त किया है और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री तथा अन्य सामान भी बरामद किए हैं। अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं, जिससे आगे की कार्रवाई को गति दी जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन में बीजापुर के अलावा अन्य जिलों से भी विशेष बलों की टुकड़ियां लगाई गई हैं। सुरक्षाबलों ने कर्रेगुट्टा और आसपास के दुर्गम इलाकों में नक्सलियों की पकड़ कमजोर करने के लिए व्यापक रणनीति अपनाई है।

जवानों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस अभियान का उद्देश्य इलाके को नक्सल मुक्त बनाना है। बीजापुर जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और ऑपरेशन से जुड़े हर पहलू पर गहन निगरानी रखी जा रही है।

Exit mobile version