धमतरी। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को जल चढ़ाने निकले कांवरियों के जत्थे को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा देर रात धमतरी जिले के ग्राम तेलीनसत्ती के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पीपरछेड़ी के रहने वाले राहुल साहू, कन्हैया साहू और मोक्ष साहू रुद्रेश्वर महादेव मंदिर जलाभिषेक के लिए कांवड़ लेकर पैदल रवाना हुए थे। रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों को मसीह अस्पताल ले जाया गया, जहां राहुल और कन्हैया को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि मोक्ष साहू की हालत नाजुक है।
गांव में इस घटना के बाद मातम छा गया है। अर्जुनी थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस में उमड़ पड़ी।
