जांजगीर-चांपा। नैला चौकी पुलिस ने महज सात दिन के भीतर 10 लाख रुपए की बड़ी लूट की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मास्टरमाइंड नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई पूरी रकम 10 लाख 44 हजार रुपए नगद बरामद कर ली है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हथियार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि 6 सितंबर की रात व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल अपनी दुकान से स्कूटी पर रकम लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाशों ने चाकू की नोक पर बैग लूट लिया और फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि व्यापारी की दुकान में काम करने वाला 17 वर्षीय नाबालिग ही इस लूट का मास्टरमाइंड था। पूछताछ में उसने बताया कि 17 दिन पहले ही लूट की साजिश रची गई थी। वारदात वाले दिन नाबालिग ने इंस्टाग्राम पर अपने साथी नितेश पंडित को “थम” का इशारा भेजा, जिसका मतलब था कि व्यापारी अकेले निकल चुका है। इसके बाद नितेश और मुकेश सूर्यवंशी ने मिलकर लूट को अंजाम दिया। तीसरा साथी सड़क किनारे स्कूटी लेकर खड़ा था। आरोपियों ने रकम को जमीन में गाड़ दिया था, जिसे पुलिस ने नाबालिग की निशानदेही पर बरामद किया।
पुरानी डकैती में भी थे शामिल
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुकेश सूर्यवंशी, नितेश पंडित और चंदन सूर्यवंशी ने 18 जुलाई को बोड़सरा शराब दुकान में 2.40 लाख की डकैती की थी। पुलिस ने इस वारदात में भी आरोपियों से 66 हजार रुपए बरामद किए हैं। फिलहाल नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि मुकेश (19) और नितेश (21) को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। चौथा आरोपी चंदन सूर्यवंशी अब भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
