जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। शिवरीनारायण थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर 3 आरोपियों को धर दबोचा।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क को जाम कर दिया। देर रात करीब 4:40 बजे जैसे ही सफेद स्कॉर्पियो पहुंची, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वाहन चालक ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की लेकिन पुलिस की सूझबूझ से आरोपी पकड़े गए। हालांकि गिरोह के 2 सदस्य मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
दिलेश कुमार कुर्रे (25) – निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा
अन्नू सांडें (25) – निवासी डोंगरी, थाना बलौदा
विजय कुमार साहू (35) – निवासी तनौद, थाना शिवरीनारायण
फरार आरोपियों में अर्जुन रात्रे और बिरेंद्र पटेल शामिल हैं।

गिरोह का तरीका
यह गिरोह दो साल से जांजगीर-चांपा, सक्ती और रायगढ़ में हाईवे पर खड़े ट्रकों की डीजल टंकियों का ताला तोड़कर डीजल चोरी करता था। चोरी किया गया डीजल विजय कुमार साहू को बेचा जाता था, जो इसे कबाड़ और ऑटो पार्ट्स के सामान में छिपाकर रखता था।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) (संगठित अपराध) सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस की बड़ी बरामदगी
कार्रवाई में पुलिस ने जब्त किया –
1280 लीटर डीजल (18 जरीकेन और अन्य कंटेनर)
स्कॉर्पियो वाहन (CG 04 AW 2247)
ताला तोड़ने के औजार, लोहे की रॉड, प्लास्टिक पाइप
दो मोबाइल फोन
कुल बरामद माल की कीमत करीब ₹14 लाख आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों पर संगठित अपराध समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
