जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 28 सितंबर की रात चांपा क्षेत्र में हुई। महिला जब घर लौट रही थी, तभी बाइक सवार कुछ युवक उसे जबरदस्ती पकड़कर ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया।
पीड़िता ने अगले दिन 29 सितंबर को चांपा थाना जाकर शिकायत दर्ज करानी चाही, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने लापरवाही दिखाई और एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने SP विजय पांडेय से मिलकर पूरी घटना बताई।
SP के हस्तक्षेप के बाद तुरंत महिला की मेडिकल जांच कराई गई और पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया। CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई और अंततः 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
