जांजगीर-चांपा। जिले से बड़ी खबर सामने आई है। राहौद थाना क्षेत्र के शिवरीनारायण के पास नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता 9 सितंबर को अपने परिचित के साथ मोटरसाइकिल से शिवरीनारायण जा रही थी। इसी दौरान 4 युवकों ने उन्हें रास्ते में रोककर जंगल में ले गए। वहां पीड़िता और उसके साथी के साथ मारपीट की गई, अश्लील वीडियो बनाया गया और मोबाइल व बाइक छीन ली गई। आरोपियों ने पीड़िता के परिवार से 2 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
पीड़िता को बारी-बारी से 3 युवकों ने अपनी हवस का शिकार बनाया और धमकी दी कि अगर घटना की जानकारी किसी को दी तो जान से मार देंगे। अगले दिन हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने अपने परिजनों को घटना बताई और फिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी की टीम ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से मोबाइल, मोटरसाइकिल और पीड़िता के दोस्तों को भी बरामद किया गया। एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, पॉक्सो एक्ट और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
